Sunday, 6 January 2013

रंजिश ही सही, दिल ही दुखाने के लिए आ


उर्दू की आधुनिक शायरी में अहमद फ़राज़ ने अपनी सादा जबावी से अपनी इस बात को पुख़्ता किया कि 'अभी कुछ और करिश्मे ग़ज़ल के देखते हैं, फ़राज़ अब ज़रा लहज़ा बदल के देखते हैं'। उनकी ग़ज़ल बेहद मक़बूल हुई, जिसे ग़ुलाम अली और हरिहरन जैसे कई नामचीन गायकों ने अपनी आवाज़ भी दी है।
जन्म : 12 जनवरी 1931
निधन : 25 अगस्त 2008

रंजिश ही सही, दिल ही दुखाने के लिए आ
आ फिर से मुझे छोड़ के जाने के लिए आ।
कौन आता है मगर आस लगाए रखना
उम्र भर दर्द की शमाओं को जलाए रखना। (शमा : लौ)
काफ़िर के दिल से आया हूं मैं ये देखकर
ख़ुदा मौजूद है वहां, पर उसे पता नहीं।
यूं ही मौसम की अदा देख के याद आया है
किस क़दर जल्द बदल जाते हैं इंसान जानां।
अब के हम बिछड़े तो शायद कभी ख़्वाबों में मिलें
जिस तरह सूखे हुए फूल किताबों में मिलें।
आंख से दूर न हो, दिल से उतर जाएगा
वक़्त का क्या है, गुज़रता है गुज़र जाएगा।
दोस्त बनकर भी नहीं साथ निभानेवाला
वही अंदाज़ है ज़ालिम का ज़मानेवाला।
शोला था जल बुझा हूं हवाएं मुझे न दो
मैं कब का जा चुका हूं सदाएं मुझे न दो। (सदा : आवाज़)
कितना आसां था तेरे हिज्र में मरना जाना
फिर भी इक उम्र लगी जान से जाते-जाते। (हिज्र : जुदाई)
करूं न याद उसे मगर किस तरह भुलाऊं उसे
ग़ज़ल बहाना करूं और गुनगुनाऊं उसे।
ज़िन्दगी से यही गिला है मुझे
तू बहुत देर से मिला है मुझे।
ऐसे चुप हैं कि ये मंज़िल भी कड़ी हो जाए
तेरा मिलना भी जुदाई की घड़ी हो जाए।
बदन में आग-सी चेहरा गुलाब जैसा है
कि ज़हर-ए-ग़म का नशा भी शराब जैसा है।
'फ़राज़' अब कोई सौदा कोई जुनूं भी नहीं
मगर क़रार से दिन कट रहे हों, यूं भी नहीं।
हर तमाशाई फक़त साहिल से मंज़र देखता
कौन दरिया को उलटता कौन गौहर देखता। (फक़त : सिर्फ, गौहर : मोती)
इससे पहले कि बेवफ़ा हो जाएं
क्यों नहीं दोस्त हम जुदा हो जाएं।
ये क्या कि सब से बयां दिल की हालतें करनी
'फ़राज़' तुझको न आईं मुहब्बतें करनी।
तू पास भी हो तो दिल बेक़रार अपना है
कि हमको तेरा नहीं, इंतज़ार अपना है।
सुना है बोले तो बातों से फूल झड़ते हैं
यह बात है तो चलो बात करके देखते हैं।
साभार :नव भारत   टाइम्स 

Friday, 14 December 2012

तू ज़िन्दा है तो ज़िन्दगी की जीत में यकीन कर



तू ज़िन्दा है तो ज़िन्दगी की जीत में यकीन कर,
अगर कहीं है तो स्वर्ग तो उतार ला ज़मीन पर!

सुबह औ’ शाम के रंगे हुए गगन को चूमकर,

तू सुन ज़मीन गा रही है कब से झूम-झूमकर,
तू आ मेरा सिंगार कर, तू आ मुझे हसीन कर!
अगर कहीं है तो स्वर्ग तो उतार ला ज़मीन पर!…. तू ज़िन्दा है

ये ग़म के और चार दिन, सितम के और चार दिन,

ये दिन भी जाएंगे गुज़र, गुज़र गए हज़ार दिन,
कभी तो होगी इस चमन पर भी बहार की नज़र!
अगर कहीं है तो स्वर्ग तो उतार ला ज़मीन पर!…. तू ज़िन्दा है

हमारे कारवां का मंज़िलों को इन्तज़ार है,

यह आंधियों, ये बिजलियों की, पीठ पर सवार है,
जिधर पड़ेंगे ये क़दम बनेगी एक नई डगर
अगर कहीं है तो स्वर्ग तो उतार ला ज़मीन पर!…. तू ज़िन्दा है

हज़ार भेष धर के आई मौत तेरे द्वार पर

मगर तुझे न छल सकी चली गई वो हार कर
नई सुबह के संग सदा तुझे मिली नई उमर
अगर कहीं है तो स्वर्ग तो उतार ला ज़मीन पर!…. तू ज़िन्दा है

ज़मीं के पेट में पली अगन, पले हैं ज़लज़ले,

टिके न टिक सकेंगे भूख रोग के स्वराज ये,
मुसीबतों के सर कुचल, बढ़ेंगे एक साथ हम,
अगर कहीं है तो स्वर्ग तो उतार ला ज़मीन पर!…. तू ज़िन्दा है

बुरी है आग पेट की, बुरे हैं दिल के दाग़ ये,

न दब सकेंगे, एक दिन बनेंगे इन्क़लाब ये,
गिरेंगे जुल्म के महल, बनेंगे फिर नवीन घर!
अगर कहीं है तो स्वर्ग तो उतार ला ज़मीन पर!…. तू ज़िन्दा है
 
 
-शैलेन्द्र

Saturday, 1 December 2012

ध्वज झुका दिया गया

भाकपा राज्य सचिव मंडल ने बांदा जनपद के वरिष्ठ कम्युनिस्ट नेता कामरेड बिहारी लाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। 70 वर्षीय कामरेड बिहारी लाल का आज सुबह निधन हो गया था। वे कई माह से अस्वस्थ चल रहे थे।
कामरेड बिहारी लाल 1967 में ही , में शामिल हो गये थे। वे एआईएसएफ तथा उत्तर प्रदेश नौजवान सभा के प्रांतीय पदाधिकारी रहे। वे भाकपा की राज्य कौंसिल के सदस्य रहे और बांदा जनपद की कम्युनिस्ट पार्टी के 2011 तक सचिव रहे थे। उन्होंने वहां लोकसभा एवं विधान सभा के चुनाव भी लड़े।
पेशे से अधिवक्ता कामरेड बिहारी लाल ने कभी भी अपने पेशे को जीवनयापन का साधन नहीं बनाया। उनकी वकालत भी शोषित-पीड़ित-दलित जनता और किसान-मजदूरों के हितों के लिए उनके निरन्तर संघर्ष का औजार थी। दलित पृष्ठभूमि से आने वाले कामरेड बिहारी लाल अपनी मार्क्सवाद-लेनिनवाद और भाकपा के प्रति प्रतिबद्धता के चलते आजीवन आर्थिक संकटों से जूझते रहे। उनके निधन से शोषितों-वंचितों ने उनके लिए संघर्ष करने वाले योद्धा को खो ही दिया है, जनपद बांदा की राजनीति में भीएक बड़ी शून्यता पैदा कर दी है।
कामरेड बिहारी लाल कई दशकों से भाकपा के जिला मुख्यालय पर ही निवास करते थे। वहीं उनका आज निधन भी हुआ। उनके निधन का समाचार तेजी से जनपद भर में फैल गया। बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं अधिवक्तागण और आम जनता वहां एकत्रित हो गये और उनको अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बाद में उनका पार्थिव शरीर भाकपा के झंडे में लपेट कर बबेरू तहसील अंतर्गत उनके पैत्रक गांव लोहरा ले जाया गया, वहां ”समाजवाद लायेंगे शोषण को मार भगायेंगे, कामरेड बिहारी लाल के सपनों को मंजिल तक पहुंचायेंगे“ आदि नारों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
भाकपा राज्य सचिव डा. गिरीश ने बताया कि उनके निधन के समाचार पर पार्टी के राज्य कार्यालय पर भी शोक व्याप्त हो गया और उनके सम्मान में पार्टी का ध्वज झुका दिया गया। अपने लक्ष्य और मिशन के प्रति अद्भुत समर्पण रखने वाले कामरेड बिहारी लाल वहां भाकपा के पूर्व सांसद द्वारा पार्टी छोड़ने पर भी ठस से मस नहीं हुए और भाकपा के संगठन की रक्षा के काम में जुटे रहे। ऐसे साथी के समर्पण की प्रेरणा के साथ उनके समाजवादी व्यवस्था के निर्माण के लक्ष्य को आगे बढ़ा कर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।

Sunday, 14 October 2012

सरकारी ऑफिसरों का सिर फोड़ दो, हम देख लेंगे: अंजान

atul-kumar-anjan
अतुल कुमार अंजान
गाजीपुर।। यूपी के गाजीपुर जिले में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में वहां मौजूद किसानों से उन्होंने कानून अपने हाथ में लेने की सलाह दे डाली। अंजान जमीन अधिग्रहण के मुद्दे पर भाषण देते- उन्होंने कहा कि अगर जमीन पर कब्जे का सरकारी आदेश लेकर अधिकारी आएं, तो सबसे पहले उनका सिर फोड़ दो, हम बाद में सब देख लेंगे।

सीपीआई के राष्ट्रीय सचिव अतुल अंजान ने सोनिया गांधी और कांग्रेस पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि रॉबर्ट वाड्रा का मामला सोनिया गांधी के लिए काला धब्बा है। वाड्रा के मामले को कांग्रेस को सबके सामने रखना चाहिए।

उन्होंने संसद और सांसदों पर भी हमला बोला। अंजान ने कहा कि आज ससंद में 70 फीसदी चोर और डाकू पहुंच गए हैं। सलमान खुर्शीद और उनकी पत्नी लुईस खुर्शीद ने तो विकलांगों के हक पर भी डाका डाल दिया है। उन्होंने कहा कि अगर देश के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह में जरा भी नैतिकता होती तो वह खुर्शीद को कैबिनेट से बाहर का रास्ता दिखा देते।

Tuesday, 18 September 2012

20 का प्रदर्शन यूपीए सरकार को देगा मेसेज: राजा


चेन्नै।। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) नेता डी राजा ने कहा कि डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी, मल्टी ब्रैंड रीटेल में एफडीआई और कुछ सार्वजनिक उपक्रमों के विनिवेश के फैसलों के खिलाफ राजनीतिक दलों द्वारा बृहस्पतिवार को किए जा रहे प्रदर्शन से केंद्र सरकार को यह मेसेज जाएगा कि वह अपने निर्णय वापस ले वरना उसे नतीजे भुगतने पड़ेंगे।

उन्होंने कहा, 'सरकार का फैसला पूरे देश के हितों के खिलाफ है।' उन्होंने कहा कि इन फैसलों के खिलाफ 20 सितंबर को व्यापक प्रदर्शन किया जाएगा। राजा ने कहा कि सरकार को डीजल की कीमतों में की गई बढ़ोतरी को वापस लेनी चाहिए और मल्टी ब्रैंड रिटेल में एफडीआई के फैसले को त्याग देना चाहिए। 
नवभारत टाइम्स

Thursday, 2 August 2012

वो सुबह कभी तो आएगी



इन काली सदियों के सर से जब रात का आंचल ढलकेगा

जब दुख के बादल पिघलेंगे जब सुख का सागर झलकेगा

जब अम्बर झूम के नाचेगा जब धरती नगमे गाएगी


वो सुबह कभी तो आएगी

जिस सुबह की ख़ातिर जुग जुग से हम सब मर मर के जीते हैं

जिस सुबह के अमृत की धुन में हम ज़हर के प्याले पीते हैं

इन भूखी प्यासी रूहों पर इक दिन तो करम फ़रमाएगी


वो सुबह कभी तो आएगी


माना कि अभी तेरे मेरे अरमानों की क़ीमत कुछ भी नहीं

मिट्टी का भी है कुछ मोल मगर इन्सानों की क़ीमत कुछ भी नहीं

इन्सानों की इज्जत जब झूठे सिक्कों में न तोली जाएगी


वो सुबह कभी तो आएगी


दौलत के लिए जब औरत की इस्मत को ना बेचा जाएगा

चाहत को ना कुचला जाएगा, इज्जत को न बेचा जाएगा

अपनी काली करतूतों पर जब ये दुनिया शर्माएगी


वो सुबह कभी तो आएगी


बीतेंगे कभी तो दिन आख़िर ये भूख के और बेकारी के

टूटेंगे कभी तो बुत आख़िर दौलत की इजारादारी के

जब एक अनोखी दुनिया की बुनियाद उठाई जाएगी


वो सुबह कभी तो आएगी


मजबूर बुढ़ापा जब सूनी राहों की धूल न फांकेगा

मासूम लड़कपन जब गंदी गलियों में भीख न मांगेगा

हक़ मांगने वालों को जिस दिन सूली न दिखाई जाएगी


वो सुबह कभी तो आएगी


फ़आक़ों की चिताओ पर जिस दिन इन्सां न जलाए जाएंगे

सीने के दहकते दोज़ख में अरमां न जलाए जाएंगे

ये नरक से भी गंदी दुनिया, जब स्वर्ग बनाई जाएगी


वो सुबह कभी तो आएगी


जिस सुबह की ख़ातिर जुग जुग से हम सब मर मर के जीते

जिस सुबह के अमृत की धुन में हम ज़हर के प्याले पीते हैं

वो सुबह न आए आज मगर, वो सुबह कभी तो आएगी

वो सुबह न आए आज मगर, वो सुबह कभी तो आएगी


वो सुबह कभी तो आएगी

Thursday, 12 July 2012

हिन्दुस्तान भी मेरा है और पाकिस्तान भी मेरा है / हबीब जालिब




हिन्दुस्तान भी मेरा है और पाकिस्तान भी मेरा है
लेकिन इन दोनों मुल्कों में अमरीका का डेरा है

ऐड की गंदम खाकर हमने कितने धोके खाए हैं
पूछ न हमने अमरीका के कितने नाज़ उठाए हैं

फिर भी अब तक वादी-ए-गुल को संगीनों ने घेरा है
हिन्दुस्तान भी मेरा है और पाकिस्तान भी मेरा है

खान बहादुर छोड़ना होगा अब तो साथ अँग्रेज़ों का
ता बह गरेबाँ आ पहुँचा है फिर से हाथ अंग्रेज़ों का

मैकमिलन तेरा न हुआ तो कैनेडी कब तेरा है
हिन्दुस्तान भी मेरा है और पाकिस्तान भी मेरा है

ये धरती है असल में प्यारे, मज़दूरों-दहक़ानों की
इस धरती पर चल न सकेगी मरज़ी चंद घरानों की

ज़ुल्म की रात रहेगी कब तक अब नज़दीक सवेरा है
हिन्दुस्तान भी मेरा है और पाकिस्तान भी मेरा है
-हबीब जालिब

हिन्दी ब्लॉग टिप्सः तीन कॉलम वाली टेम्पलेट